नालंदा के नौ प्रखंडों में शुरू हुई राजकीय डिग्री कॉलेजों की पढ़ाई, उच्च शिक्षा का सपना हुआ साकार
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट
बिहारशरीफ। नालंदा जिले के छात्रों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। जिले के नौ प्रखंडों में नवनिर्मित राजकीय डिग्री कॉलेजों में आज से विधिवत शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत हो गई। भागलपुर से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कॉलेजों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिले के सभी नौ डिग्री कॉलेजों में उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे स्थानीय छात्र-छात्राएं भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा का सपना हुआ पूरा
अब तक रहुई, नूरसराय, नगरनौसा, बिंद, कतरीसराय, थरथरी, करायपरसुराय, परवलपुर और सरमेरा प्रखंडों के छात्रों को स्नातक की पढ़ाई के लिए बिहारशरीफ या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। इन प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेज खुलने से अब हजारों विद्यार्थियों को अपने घर के निकट ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
पहले चरण में इन कॉलेजों में 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है। पढ़ाई शुरू कराने के लिए कॉलेजों में बेंच-डेस्क और आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था भी कर दी गई है।
सिर्फ तीन कर्मियों के भरोसे शुरू हुई पढ़ाई
हालांकि, कॉलेजों की शुरुआत सीमित संसाधनों के बीच हुई है। फिलहाल प्रत्येक कॉलेज में केवल एक प्राचार्य, एक शिक्षक और एक लिपिक (क्लर्क) की प्रतिनियुक्ति की गई है। जबकि इन संस्थानों में छह विषयों की पढ़ाई होनी है। ऐसे में इतने कम स्टाफ के साथ नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था बनाए रखना शिक्षा विभाग के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
नूरसराय और थरथरी राजकीय डिग्री कॉलेज के उद्घाटन समारोह में सांसद कौशलेंद्र कुमार शामिल हुए। नगरनौसा कॉलेज में हरनौत विधायक हरिनारायण सिंह, रहुई कॉलेज में विधायक डॉ. सुनील कुमार, जबकि कतरीसराय, बिंद और सरमेरा राजकीय डिग्री कॉलेजों में विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
नगरनौसा डिग्री कॉलेज का भी हुआ शुभारंभ
काफी समय से विवादों में रहा राजकीय डिग्री महाविद्यालय, नगरनौसा का भी लोदीपुर में शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि मनोज कुमार, हरनौत विधायक हरिनारायण सिंह, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अगस्त तक शिक्षकों की होगी नियुक्ति : हरिनारायण सिंह
हरनौत विधायक हरिनारायण सिंह ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन राज्य के शिक्षा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि फिलहाल कॉलेजों को अस्थायी व्यवस्था के तहत शुरू किया गया है। भविष्य में भूमि उपलब्ध होने के बाद इन्हें स्थायी भवन में स्थानांतरित किया जाएगा।
शिक्षकों की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित आयोग ने नियुक्ति प्रक्रिया तय कर ली है तथा अगस्त माह तक सभी नए डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कर दी जाएगी, जिससे छात्रों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके।
