पंचाने नदी में डूबने से 35 वर्षीय मजदूर की मौत, परिवार में पसरा मातम
भागन बीघा – नालंदा जिले के भागन बीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत बबूरबना के पास पंचाने नदी में डूबने से एक 35 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के पिपरपांती गांव निवासी स्वर्गीय मेघनाथ राम के पुत्र राजेश राम के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजेश राम पिछले कुछ समय से पचासा गांव में रहकर पास की एक फर्नीचर दुकान में मजदूरी करता था। बुधवार को वह सब्जी लाने के लिए पंचाने नदी के किनारे गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर नदी के गहरे पानी में चला गया। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर भागन बीघा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
