एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतकर लौटे सेतु मिश्रा का पटना एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

0
IMG-20260716-WA0005

पटना, 15 जुलाई 2026। चीन में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में भारत के लिए दो पदक जीतकर बिहार और देश का नाम रोशन करने वाले मोतिहारी के प्रतिभाशाली एथलीट सेतु मिश्रा का पटना लौटने पर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण स्वयं पटना एयरपोर्ट पहुंचे और सेतु मिश्रा का फूल-माला एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव लियाकत अली, खेल प्राधिकरण के मोहम्मद हारुन, सेतु मिश्रा की माताजी, बड़ी संख्या में खिलाड़ी, परिवार के सदस्य तथा राष्ट्रीय स्तर के धावक विभास्कर कुमार भी मौजूद रहे। महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने विभास्कर कुमार का भी अंगवस्त्र एवं फूल-माला पहनाकर सम्मान किया।

चीन में आयोजित इस प्रतियोगिता में सेतु मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया, जबकि 4×400 मीटर रिले स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और बिहार का गौरव बढ़ाया।

इस मौके पर रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि सेतु मिश्रा की यह उपलब्धि बिहार के खेल इतिहास में एक नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि सेतु एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाले बिहार के पहले एथलीट बन गए हैं। उन्हें विश्वास है कि सेतु भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और बिहार का नाम रोशन करते रहेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *