विकास नगर में नवनिर्मित छठ घाट का उद्घाटन, श्रद्धालुओं के लिए खोला गया
मां तारा मंदिर परिसर में बना भव्य छठ घाट, छठव्रती माताओं ने नवनिर्मित घाट पर भगवान सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य
बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-23 स्थित विकास नगर के भगवती स्थान (मां तारा मंदिर) परिसर में 19 लाख 26 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित छठ घाट का शुभारंभ किया गया। छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दिलीप कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। घाट को आम जनता के लिए खोलने के बाद छठव्रती माताओं ने यहां अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इस मौके पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दिलीप कुमार ने बताया कि इस छठ घाट का निर्माण 19 लाख 26 हजार रुपये की लागत से कराया गया है। लंबे समय से यहां के लोगों को बेहतर घाट की आवश्यकता थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद छठ महापर्व के पावन अवसर पर इसे आम जनता के लिए समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दिन इस घाट का शुभारंभ होना क्षेत्र के लोगों के लिए खुशी की बात है।
वहीं, अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि यहां पहले से एक पुराना तालाब था, जहां स्थानीय लोग छठ पूजा करते थे। वार्ड पार्षद सुनीता देवी के सहयोग से इस पुराने तालाब का विकास कर छठ घाट का निर्माण कराया गया है। उन्होंने इस कार्य में सहयोग के लिए नगर आयुक्त, मेयर एवं डिप्टी मेयर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से आज यह घाट आम जनता के लिए उपलब्ध हो सका है। इससे स्थानीय छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।
नवनिर्मित छठ घाट के शुभारंभ के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। छठव्रती माताओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सूप और दउरा में पूजन सामग्री सजाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
कार्यक्रम में अरविंद कुमार सिंह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दिलीप कुमार, आनंद कुमार सिन्हा उर्फ अमित, डैफोडिल स्कूल के संचालक रविकांत कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
