कुशवाहा कल्याण सेवा समिति का पंचायत स्तर पर विस्तार, गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मदद का लिया संकल्प
वेन प्रखंड के जाँघारों गांव में हुई बैठक, अकौना, जाँघारों और माधोपुर में कमेटी का विस्तार; समाज के कमजोर वर्गों को शिक्षा और आर्थिक सहायता देने पर जोर
वेन (नालंदा)। कुशवाहा समाज को संगठित करने, सामाजिक एकता को मजबूत बनाने और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने के उद्देश्य से कुशवाहा कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को नालंदा जिले के वेन प्रखंड अंतर्गत अकौना पंचायत के जाँघारों गांव में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के संगठनात्मक विस्तार और समाज के गरीब एवं पिछड़े परिवारों को सहयोग देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि समिति का गठन जिले के प्रत्येक गांव में किया जाएगा, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके।
बैठक में कुशवाहा कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष संजय कुमार ज्योति ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करना है। विशेष रूप से ऐसे परिवार, जिनके बच्चे आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा से वंचित रह जाते हैं या जिन्हें किसी अन्य प्रकार की सहायता की आवश्यकता होती है, उनकी मदद के लिए समिति लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि समिति के माध्यम से अब तक कई जरूरतमंद लोगों को सहयोग दिया जा चुका है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर आगे आना होगा। इसी उद्देश्य से समिति का विस्तार गांव-गांव तक करने की योजना बनाई गई है। बैठक के दौरान अकौना, जाँघारों और माधोपुर में समिति की कमेटियों का विस्तार किया गया।
समाज को जागरूक और संगठित करना प्राथमिकता
इस अवसर पर जीतू कुशवाहा ने कहा कि जाँघारों गांव में कुशवाहा समाज के लोग एकजुट होकर सामाजिक हितों पर चर्चा करने के लिए एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सामने आने वाली सामाजिक और शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त संगठन का होना जरूरी है। कुशवाहा कल्याण सेवा समिति के माध्यम से ऐसी समस्याओं को दूर करने, लोगों को जागरूक करने और समाज में आपसी सहयोग की भावना को मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जब समाज के लोग एकजुट होकर काम करेंगे, तभी शिक्षा, आर्थिक विकास और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव होगा।
गांव-गांव तक पहुंचेगा समिति का अभियान
वही उपाध्यक्ष नंदकिशोर प्रसाद ने बताया की समिति के विस्तार के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने और युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। समिति का लक्ष्य जिले के प्रत्येक गांव में संगठन की इकाई स्थापित कर समाज के लोगों को एक मंच पर लाना है, ताकि जरूरत के समय एक-दूसरे की मदद की जा सके।
इस मौके पर कुशवाहा समाज के कई गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
