अवैध बालू खनन के दौरान धसान में दबकर किशोर की मौत
गिरियक (नालंदा)। गिरियक थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में बुधवार को अवैध बालू खनन के दौरान मिट्टी व बालू के धसान में दबकर 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक समेत अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के दरियासराय मुसहरी गांव निवासी मनोज चौधरी के पुत्र रौशन चौधरी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी से ट्रैक्टर पर अवैध रूप से बालू लोड किया जा रहा था। इसी दौरान बालू का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया और रौशन उसकी चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू खनन का कारोबार चल रहा है। बालू लदे ट्रैक्टर ग्रामीण सड़कों से गुजरते हैं, जिससे सड़कें जर्जर हो गई हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
घटना की सूचना पर गिरियक थाना असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर निशांत भूषण ज्ञानेंदु अपने दलबल के साथ एवं डायल 112 की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अवैध बालू खनन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय मौके पर कौन-सा ट्रैक्टर था और उसका मालिक कौन है। परिजन फिलहाल पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं हैं। उन्हें आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के संबंध में समझाया जा रहा है।
