रोटरी क्लब ऑफ तथागत ने वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच व तालाब सफाई कर मनाया रोटरी नववर्ष
डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य का दिया संदेश
बिहारशरीफ, संवाददाता। रोटरी नववर्ष 2026-27 के अवसर पर बुधवार, 1 जुलाई को रोटरी क्लब ऑफ तथागत द्वारा रोटरी स्मृति उद्यान, मुरौरा में सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान वृक्षारोपण, तालाब की सफाई, डॉक्टर्स डे समारोह तथा पब्लिक हेल्थ (PPH) के तहत लोगों की नि:शुल्क शुगर और रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई।
कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष रो. महेश लोहानी ने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ तथागत विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी रोटरी इंटरनेशनल के सात प्रमुख सेवा क्षेत्रों में समाजहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगा।
क्लब के सचिव रो. डॉ. नीरज कुमार ने डॉक्टर्स डे के अवसर पर क्लब से जुड़े चिकित्सक सदस्यों को उपहार देकर सम्मानित किया। वरिष्ठ सदस्य डॉ. श्याम नारायण प्रसाद ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा जल संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।

डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए। स्वस्थ व्यक्ति ही अपने परिवार, समाज और कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है।
कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन रो. डॉ. इंद्रजीत कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एमडब्ल्यू टीम, मुरौरा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
इस अवसर पर डॉ. सुनीति सिन्हा, डॉ. अमरदीप नारायण, डॉ. रश्मि नारायण, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. अजीत कुमार, डॉ. विभाष प्रियदर्शी, डॉ. प्रेरणा, डॉ. दीनानाथ वर्मा, डॉ. संध्या सिन्हा, रो. रश्मि दास, रो. सुनीता रस्तोगी, रो. डॉ. अश्विनी वर्मा, रो. विश्वप्रकाश, रो. परमेश्वर महतो, रो. मधु कंचन, रो. संजीव, रो. दीपक सहित क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर एजी रो. जोसफ टी.टी. ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए नए कार्यकाल के लिए बधाई दी तथा समाजसेवा के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने की अपील की।
