स्वीटी कुमारी का जिला स्तरीय विद्यालय क्रिकेट टीम में चयन, राज्य स्तरीय ट्रायल में भी दिखाया दम
नालंदा। नालंदा की होनहार क्रिकेट खिलाड़ी स्वीटी कुमारी ने अपने पहले ही प्रयास में जिला स्तरीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। जिला स्तर पर चयन के बाद उन्होंने 7 अक्टूबर को जमुई के श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहार एसजीएफआई (SGFI) अंडर-19 बालिका क्रिकेट की राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता के ओपन ट्रायल में भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
इस राज्य स्तरीय ओपन ट्रायल में पूरे बिहार से 110 बालिका क्रिकेट खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। नालंदा जिले से स्वीटी कुमारी के अलावा जिज्ञासा, सौम्या और प्रिया ने भी ट्रायल में भाग लिया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इस ट्रायल से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिला।
स्वीटी की क्रिकेट में रुचि बढ़ाने और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में उनके भाई प्रेम राज सागर, माता प्रियंका भारती और पिता एवं समाजसेवी रामानंद सागर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्वीटी की इस उपलब्धि से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
स्वीटी की सफलता पर पुलिस इंस्पेक्टर घनश्याम प्रसाद, विशु कुमार, अभिषेक कुमार, देशभक्त मिंटू, रंजन राज, ओमप्रकाश, संजय कुमार सहित अभिभावकों, समाजसेवियों, गुरुजनों और पत्रकारों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सभी ने उम्मीद जताई कि स्वीटी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी तथा अपने समाज और देश का नाम रोशन करेंगी।
