लूटकांड का हुआ खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार, जेल में बंद दूसरे आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी

0
WhatsApp Image 2026-10-10 at 5.44.02 AM

नालंदा जिले के परवलपुर और पीरविगहा थाना क्षेत्रों में हुई लूटपाट की दो घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य अप्राथमिकी अभियुक्त पहले से ही औंगारी थाना कांड में हिलसा उपकारा में बंद है। उसे रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है।
डीएसपी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पहली घटना 14 जुलाई 2026 की शाम परवलपुर थाना क्षेत्र के मुरगांवां रोड पर विक्रमपुर के पास हुई थी। यहां मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में परवलपुर थाना कांड संख्या 122/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
वहीं, दूसरी घटना 21 अगस्त 2026 को पीरविगहा थाना क्षेत्र के रामपुर मैदान के पास हुई थी। यहां मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट की थी। इस मामले में औंगारी पीरविगहा ओपी कांड संख्या 62/26 दर्ज किया गया था।
तकनीकी अनुसंधान से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दोनों घटनाओं के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने परवलपुर थाना क्षेत्र की घटना में लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल और एक अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में औंगारी धाम निवासी राजकुमार उर्फ राजा, पिता राजू कुमार राउत को विधिवत गिरफ्तार किया गया। वहीं, एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त अभिषेक कुमार उर्फ गोलू, पिता राजकुमार, औंगारी थाना कांड संख्या 68/26 में हिलसा उपकारा में बंद है। उसे इस मामले में रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आ चुका है। उसके खिलाफ औंगारी थाना में चोरी और उत्पाद अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज हैं। इसके अलावा एकंगरसराय थाना में आर्म्स एक्ट तथा नूरसराय थाना में लूट से संबंधित मामला भी दर्ज है।
छापेमारी टीम में ये थे शामिल
इस कार्रवाई में परवलपुर, पीरविगहा और औंगारी थाना की पुलिस के साथ तीनों थानों के सशस्त्र बल तथा जिला सूचना इकाई (डीआईयू) की टीम शामिल थी। पुलिस दोनों घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *