चेरो ओपी पुलिस ने दो फरार वारंटियों को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
अलग-अलग मामलों में लंबे समय से चल रहे थे फरार, छापेमारी अभियान में मिली सफलता
हरनौत (नालंदा), संवाददाता। नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड अंतर्गत चेरो ओपी थाना पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
चेरो ओपी प्रभारी रौशन कुमार ने बुधवार को बताया कि थाना क्षेत्र के गोसाई गांव निवासी स्वर्गीय देवशरण राम के पुत्र सती राम तथा नेमचंद बाग निवासी स्वर्गीय संजीवन मांझी के पुत्र सूरज मांझी को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी अलग-अलग मामलों में न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद लंबे समय से फरार चल रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों वारंटियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि फरार अभियुक्तों और वारंटियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून से बचने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
