बाल भारती पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया राखी महोत्सव
छात्राओं ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, छात्रों ने बहनों की रक्षा का लिया संकल्प
बिहारशरीफ। रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर बाल भारती पब्लिक स्कूल में गुरुबार को राखी महोत्सव का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और आपसी विश्वास की भावना से सराबोर नजर आया।
महोत्सव के दौरान छात्राओं ने अपने सहपाठी भाइयों की कलाई पर रंग-बिरंगी राखियां बांधीं और उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं छात्रों ने भी अपनी बहनों की रक्षा करने और जीवन के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प लिया। राखी बांधने के बाद छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या अनीता देवी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और आपसी विश्वास का प्रतीक है। विद्यालय में इस तरह के आयोजन कराने का उद्देश्य बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों के बीच प्रेम, स्नेह और आपसी भाईचारा बढ़ता है तथा पारिवारिक रिश्तों के महत्व की समझ विकसित होती है।
विद्यालय के निदेशक मनीष कुमार गौतम ने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों को संस्कार और संस्कृति से जोड़ना भी विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। रक्षाबंधन जैसे कार्यक्रम बच्चों के बीच उत्साह और खुशी का संचार करते हैं। साथ ही, ऐसे आयोजनों से बच्चों में प्रेम, सम्मान, सहयोग और सामाजिक सद्भाव की भावना मजबूत होती है।

राखी महोत्सव के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान खुशी और उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं। महोत्सव ने भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की सुरक्षा के संकल्प का संदेश दिया।
