नेपाल में बाढ़ के बाद बिहार में अलर्ट, सीएम सम्राट चौधरी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

0
WhatsApp Image 2026-08-26 at 9.13.54 PM

पटना। नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति और गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए बिहार सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को प्रभावित एवं संवेदनशील जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने नेपाल में आई बाढ़ का पानी बिहार पहुंचने की संभावना को देखते हुए संबंधित जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने तथा स्थानीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने सभी तटबंधों की लगातार निगरानी करने के साथ उनकी मजबूती एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने बांध और तटबंधों पर दिन-रात निगरानी रखने तथा रात के समय विशेष रूप से नाइट पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी तरह की कमजोर स्थिति या क्षति का तत्काल पता लगाया जा सके।

उन्होंने संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में लाउडस्पीकर और माइक के माध्यम से लगातार आवश्यक सूचना एवं चेतावनी प्रसारित करने को कहा। इसका उद्देश्य संभावित आपात स्थिति में लोगों को समय रहते सतर्क करना और आवश्यक सावधानी बरतने के लिए तैयार करना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं। सरकार की ओर से नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *