करायपरसुराय में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, हथियार बनाने का सामान बरामद; एक गिरफ्तार

0
FB_IMG_1787839084077

मिट्टी और बालू में गाड़कर छिपाए गए थे हथियार निर्माण के औजार, अर्धनिर्मित राइफल भी बरामद

करायपरसुराय। नालंदा जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम अगारपर में छापेमारी कर हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में सामान और औजार बरामद किए हैं। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त रंजीत बिन्द, पिता सरयुग बिन्द, ग्राम अगारपर, थाना करायपरसुराय, जिला नालंदा है।

नालंदा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 अगस्त की मध्य रात्रि करायपरसुराय थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि अगारपर गांव निवासी रंजीत बिन्द, पिता सरयुग बिन्द अवैध आग्नेयास्त्रों के निर्माण और कारोबार में संलिप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रंजीत बिन्द के घर की घेराबंदी की और विधिवत छापेमारी कर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस को मिट्टी और बालू में गाड़कर छिपाकर रखे गए हथियार निर्माण से संबंधित सामान मिले। बरामद सामान में एक अर्धनिर्मित राइफल, जिस पर मैगजीन लगी हुई थी, छह लोहे के बैरल, दो लोहे के मैगजीन, छह मैगजीन स्प्रिंग और एक कॉकिंग हैंडल शामिल हैं। इसके अलावा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न प्रकार के औजार भी बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कुल 24 प्रकार के सामान एवं औजार बरामद किए गए। इनमें 27 लोहे के पंच भी शामिल हैं, जिन पर A से Z तक अक्षर एवं ‘&’ का निशान अंकित है। पुलिस ने एक लोहे की भट्ठी, जिस पर SHIVAM HAND BLOWER अंकित है, तथा BOSCH कंपनी की कटर मशीन भी बरामद की है।

इसके अलावा लकड़ी के तीन राइफल बट, लकड़ी की एक राइफल बॉडी, एक मैगजीन लॉक, रबर का बट बेस, करीब डेढ़ फीट रबर का टुकड़ा, लोहे का हथौड़ा, दो रुखानी, लोहे का कैप, रेती, तीन छोटी प्लेट, मास्टर रिंच, छेनी, छेनी में धार करने वाला पत्थर, लोहे का पतला शुंभा, दो कॉकिंग हैंडल के नट, मैगजीन के आकार में बना लोहे का प्लेट और एलन भी बरामद किया गया है।

बरामदगी के आधार पर करायपरसुराय थाना में कांड संख्या 189/26, दिनांक 27 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 25(1-AA) एवं 26(1)(II) शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त रंजीत बिन्द को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ के आधार पर अवैध हथियार निर्माण और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।

मिनी गन फैक्ट्री के उद्भेदन में करायपरसुराय थानाध्यक्ष पु.अ.नि. सुशील पासवान, पु.अ.नि. राजेश कुमार यादव, स.अ.नि. संतन कुमार, सिपाही 2309 नीरज सहनी, सिपाही 2448 राजा कुमार सहित करायपरसुराय थाना के अन्य सशस्त्र बल शामिल रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *