राजगीर मॉब लिंचिंग कांड: पीड़ित परिवार से मिले चिराग पासवान, नौकरी और बच्चों की पढ़ाई का उठाया जिम्मा

0
WhatsApp Image 2026-07-03 at 6.15.09 AM

दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा’— नालंदा पहुंचकर चिराग पासवान का बड़ा संदेश

राजगीर (नालंदा), संवाददाता।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री तथा हाजीपुर सांसद चिराग पासवान गुरुवार को नालंदा पहुंचे। उन्होंने राजगीर में चोरी के शक में मॉब लिंचिंग का शिकार हुए पिंटू और श्रवण के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने कहा कि पासवान समाज के दो युवकों की जिस तरह पीट-पीटकर हत्या की गई, उससे पूरे प्रदेश में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि घटना के दिन से ही उनकी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र भारती जिला प्रशासन के संपर्क में हैं, ताकि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और न्याय मिल सके।

इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि परिवार के आश्रितों को अपने स्तर से रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही मृतकों के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उनकी पार्टी वहन करेगी।

केंद्रीय मंत्री ने दोषियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गौरतलब है कि 15 जून की रात राजगीर में चोरी के शक में पिंटू और श्रवण की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में अब तक छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं या न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *