शादी समारोह में युवक की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, विशेष छापेमारी में पुलिस को मिली सफलता
बिहारशरीफ/नालंदा, संवाददाता। नालंदा जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। विशेष छापेमारी अभियान चलाकर आरोपी को दबोचने में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 की रात करीब 12:30 बजे तेल्हाड़ा थाना को सूचना मिली कि शिवशंकरपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान सुरत पासवान (पिता- स्वर्गीय महावीर पासवान), निवासी पारविगहा, थाना चिकसौरा को गोली मार दी गई है। गंभीर रूप से घायल सुरत पासवान को इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों के बयान पर तेल्हाड़ा थाना कांड संख्या 108/2026 दर्ज किया गया। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 3(5), अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान एवं छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी ओमप्रकाश कुमार उर्फ लोटनिया (पिता- बृजलाली प्रसाद यादव), निवासी पारविगहा, थाना चिकसौरा, जिला नालंदा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस अभियान में अंचल निरीक्षक अमरेंद्र कुमार, चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधु, तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजित कुमार टिंकू, अपर थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सहित तेल्हाड़ा थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
