नालंदा में 3 जुलाई से शुरू होगा विशेष टीबी स्क्रीनिंग अभियान, प्रतिदिन 12,785 लोगों की जांच का लक्ष्य
बिहारशरीफ (नालंदा)। जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को “टीबी मुक्त भारत अभियान” के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ अभियान की रणनीति, लक्ष्य एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले में 100 प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य हर हाल में प्राप्त किया जाए। इसके लिए 3 जुलाई 2026 से जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेफरल अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल एवं सदर अस्पताल में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (TPT), डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, निश्चय मित्र योजना तथा फूड बास्केट वितरण सहित सभी निर्धारित संकेतकों पर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। इन सभी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग जिला स्तर पर प्रतिनियुक्त वरीय अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, जीविका के प्रखंड प्रबंधक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी संयुक्त रूप से अभियान की निगरानी करेंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां, कृषि सलाहकार एवं पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि जन-जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को टीबी जांच के लिए प्रेरित करें। वहीं आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर संभावित टीबी मरीजों एवं टीबी रोगियों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उन्हें स्क्रीनिंग केंद्र तक लाने तथा टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (TPT) के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 3 जुलाई से सभी प्रखंड मुख्यालयों से चलंत चिकित्सा दल (मोबाइल मेडिकल टीम) को हरी झंडी दिखाकर फील्ड में रवाना किया जाएगा। प्रत्येक चलंत चिकित्सा दल प्रतिदिन कम-से-कम 150 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग करेगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, टीबी रोगियों की समय पर पहचान करना तथा नालंदा जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हासिल करना है।
प्रखंडवार प्रतिदिन टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य
- सरमेरा – 535
- कतरीसराय – 385
- बिंद – 490
- नगरनौसा – 520
- सिलाव – 625
- चंडी – 625
- बेन – 595
- अस्थावां – 730
- राजगीर – 550
- करायपरसुराय – 460
- नूरसराय – 745
- परवलपुर – 460
- थरथरी – 430
- रहुई – 655
- एकंगरसराय – 790
- इस्लामपुर – 955
- हिलसा – 755
- हरनौत – 755
- गिरियक – 675
- बिहारशरीफ – 1,010
इस प्रकार जिले के सभी 20 प्रखंडों में प्रतिदिन कुल 12,785 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें, ताकि नालंदा जिला “टीबी मुक्त भारत अभियान” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर सके।
बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के सभी अधिकारी उपस्थित थे।
