रहूई रोड हॉल्ट पर पटना–राजगीर एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, सांसद कौशलेंद्र कुमार व मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने दिखाई हरी झंडी

0
1001609344

दशकों पुरानी मांग पूरी, हजारों यात्रियों को मिली राहत; ग्रामीणों ने स्टेशन का दर्जा बहाल करने और श्रमजीवी एक्सप्रेस के ठहराव की उठाई मांग

नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार

रहूई (नालंदा)। नालंदा जिले के रहूई प्रखंड स्थित रहूई रोड हॉल्ट के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। वर्षों से चली आ रही स्थानीय लोगों की मांग पूरी करते हुए पटना–राजगीर एक्सप्रेस का रहूई रोड हॉल्ट पर आधिकारिक ठहराव शुरू हो गया। इस अवसर पर नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार तथा बिहार सरकार के मंत्री सह स्थानीय विधायक डॉ. सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन के ठहराव का शुभारंभ किया।

ट्रेन के ठहराव की शुरुआत होते ही पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। स्थानीय लोगों ने सांसद और विधायक का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। लोगों ने इस फैसले को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

1001609350

दर्जनों गांवों के यात्रियों को मिलेगी सीधी सुविधा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि रहूई रोड हॉल्ट आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों के लिए महत्वपूर्ण रेलवे पड़ाव है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, रोजगार, इलाज और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पटना, बिहारशरीफ, राजगीर समेत विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। लंबे समय से यहां पटना–राजगीर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की जा रही थी, जिसे रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार उठाया गया। उन्होंने कहा कि आज यह मांग पूरी होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

टिकट लेकर यात्रा करने की अपील

सांसद ने लोगों से नियमित रूप से टिकट लेकर यात्रा करने की अपील करते हुए कहा कि रेलवे की आय बढ़ने पर भविष्य में यहां और अधिक ट्रेनों का ठहराव, प्लेटफॉर्म का विस्तार, यात्री सुविधाओं का विकास तथा अन्य आवश्यक कार्य कराए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे के आधुनिकीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है और नालंदा जिले के रेलवे स्टेशनों एवं हॉल्टों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा : डॉ. सुनील कुमार

मंत्री सह स्थानीय विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि रहूई रोड हॉल्ट के समीप स्थित मां काली मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ट्रेन के ठहराव से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

IMG 20260719 WA0003

ग्रामीणों ने रखीं कई अहम मांगें

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीण राहुल कुमार, मोनू पांडे, संतोष कुमार, गोरे पासवान समेत अन्य लोगों ने सांसद और विधायक के समक्ष कई मांगें रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि रहूई रोड पहले रेलवे स्टेशन था, जिसे बाद में हॉल्ट में बदल दिया गया। उन्होंने इसे पुनः स्टेशन का दर्जा देने की मांग की।

इसके अलावा जर्जर स्टेशन भवन के जीर्णोद्धार, नए प्लेटफॉर्म का निर्माण, यात्री शेड, पेयजल, शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा श्रमजीवी एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी उठाई गई।

सांसद ने दिया भरोसा

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यात्रियों की संख्या और रेलवे की आय बढ़ने पर रहूई रोड हॉल्ट के विकास के लिए रेलवे स्तर पर प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रेलवे विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया है और नालंदा जिले के सभी स्टेशनों एवं हॉल्टों का चरणबद्ध तरीके से विकास किया जाएगा।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट, जदयू जिला अध्यक्ष मोहम्मद अरशद, प्रखंड अध्यक्ष संजय पटेल उर्फ राकेश मुखिया, जदयू नेता भवानी सिंह, सुरेंद्र सिंह, रेलवे इंस्पेक्टर मोहम्मद आलम, मुख्यालय यातायात निरीक्षक हर्षवर्धन कुमार, स्टेशन प्रबंधक संजीव कुमार, दानापुर मंडल के एएसएम विजय कुमार गौड़, सीटीआई बिहारशरीफ अंजम सिवान, अविनाश मुखिया, डॉ. आलोक कुमार, स्वार्थ पासवान, विवेक कुमार, मुन्ना कुमार, रंजीत कुमार सहित रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

पटना–राजगीर एक्सप्रेस के रहूई रोड हॉल्ट पर ठहराव शुरू होने से हजारों यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी। वहीं, स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में रहूई रोड हॉल्ट को पुनः स्टेशन का दर्जा मिलेगा, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और श्रमजीवी एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का भी यहां ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *