श्री खाटू श्याम मंदिर में भव्य खिचड़ी भंडारा, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में शनिवार को भव्य खिचड़ी भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम के दर्शन किए और प्रसाद के रूप में खिचड़ी ग्रहण की। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।

मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि श्री खाटू श्याम बाबा के प्रति लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है। दूर-दराज से श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रत्येक शनिवार को खिचड़ी भंडारे का आयोजन किया जाता है।
मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष कृष्ण नंदन तथा कोषाध्यक्ष आनंद कुमार सिन्हा उर्फ अमित ने बताया कि नालंदा जिले में यह पहला श्री खाटू श्याम मंदिर है, जिसके निर्माण और सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोग सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा खाटू श्याम के प्रति श्रद्धालुओं का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले भंडारे में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। वहीं प्रत्येक एकादशी के अवसर पर भी मंदिर में विशेष भीड़ उमड़ती है।

उन्होंने कहा कि “हारे का सहारा, श्याम हमारा” की भावना के साथ श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और बाबा के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त करते हैं। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष कृष्ण नंदन, कोषाध्यक्ष आनंद कुमार सिन्हा उर्फ अमित, सेवादार निरंजन कुमार, चंदन कुमार, अमित कुमार, सुधांशु कुमार, आशुतोष कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
