नालंदा में हर्ष फायरिंग बनी मौत का कारण: युवक की गोली लगने से मौत, शादी से पहले छाया मातम
नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत अमावां गांव में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर गांव निवासी उपेंद्र प्रसाद के 21 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है।
घटना उस समय हुई जब छोटू कुमार अपने दोस्त मंटू कुमार के घर तिलक समारोह में शामिल होने गया था। समारोह में नाच-गाने का माहौल था और लोग जश्न मना रहे थे। इसी दौरान छोटू छत पर चला गया, जहां अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब परिजन और अन्य लोग ऊपर पहुंचे, तो देखा कि छोटू खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ है।

आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उसके अपने ही देसी कट्टे से गोली मिसफायर हो गई, जो सीधे उसके पेट में जा लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, छोटू कुमार दिल्ली में मजदूरी करता था और करीब 10 दिन पहले ही अपनी शादी के सिलसिले में गांव आया था। 20 अप्रैल को बिंद थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव से उसका तिलक आने वाला था, जबकि 27 अप्रैल को उसकी बारात जानी थी। वह लव मैरिज करने वाला था।

मृतक के चचेरे भाई सूरज ने बताया कि छोटू अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने गया था, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के संबंध में बिंद थाना अध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक की मौत उसके खुद के हथियार से चली गोली के कारण हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी हथियार रखने और लूटपाट के मामलों में जेल जा चुका था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और अवैध हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
इस घटना के बाद जहां एक ओर घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
