201 दिवसीय ‘शिक्षा संकल्प यात्रा’ का शुभारंभ, पूरे बिहार में शिक्षा जागरूकता फैलाने का लक्ष्य

0
20260422_122456

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत आधार तैयार करने के उद्देश्य से ‘सहयोगी जागरूकता अभियान’ के तहत 201 दिवसीय ‘शिक्षा संकल्प यात्रा’ का भव्य शुभारंभ किया गया है। इस यात्रा का नेतृत्व निमेष शुक्ला कर रहे हैं, जो बिहार के सभी 38 जिलों का भ्रमण कर शिक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।

इस महत्वाकांक्षी यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल 2026 को पटना के गर्दनीबाग स्थित बापू टावर से हुई। इसका उद्घाटन बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक श्रवण कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई और समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में भागीदारी की अपील की गई।

यात्रा की रूपरेखा साझा करने के लिए राजगीर स्थित मानव सेवा सदन (कृष्णा हॉस्पिटल के पास) में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान निमेष शुक्ला ने बताया कि यह यात्रा लगातार 201 दिनों तक चलेगी और प्रत्येक जिले में शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इसे केवल यात्रा नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता का एक व्यापक आंदोलन बताया।

प्रेस वार्ता में उपस्थित दंत चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. धर्मेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि राजगीर की ऐतिहासिक और पवित्र भूमि से शुरू होकर यह यात्रा पूरे बिहार में शिक्षा की अलख जगाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज की कुरीतियों को समाप्त कर एक जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

अभियान के तहत प्रत्येक जिले में तय रूट मैप के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां अभी भी शिक्षा के प्रति जागरूकता की कमी देखी जाती है।

इस अभियान में सहयोगी के रूप में एएसजी आई हॉस्पिटल की ओर से अब्दुल रहमान मदनी भी जुड़े हैं। इसके अलावा अभियान की सचिव अनिता कुमारी गुप्ता, समन्वयक रमेश कुमार पान सहित कई सदस्य और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अपने संबोधन में निमेष शुक्ला ने कहा कि शिक्षा एक ऐसा सशक्त माध्यम है, जिससे समाज की हर बुराई को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और अपने आसपास के लोगों को शिक्षित करने में योगदान दें।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने शिक्षा के प्रसार के इस अभियान में सहयोग देने का संकल्प लिया। यह यात्रा बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में नई जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *