मंडल कारा में तड़के छापेमारी, भारी पुलिस बल की मौजूदगी से हड़कंप, मुख्यमंत्री के ‘एक्शन मोड’ का असर

0
WhatsApp Image 2026-04-18 at 5.47.00 AM

बिहार में नई सरकार के गठन के महज दो दिन बाद ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘एक्शन मोड’ का असर अब प्रशासन की सक्रियता में दिखने लगा है। इसी कड़ी में शुक्रवार की अहले सुबह नालंदा जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने बिहारशरीफ मंडल कारा में औचक छापेमारी कर जेल प्रशासन और बंदियों के बीच हड़कंप मचा दिया। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के निर्देश पर शुरू हुई इस कार्रवाई के लिए भारी संख्या में पुलिस बल का उपयोग किया गया।

जेल परिसर में यह कार्रवाई उस वक्त शुरू हुई जब सुबह के ठीक चार बजे बंदी अपने-अपने वार्ड में सो रहे थे। उसी समय जिले के वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की टुकड़ियां जेल के भीतर दाखिल हुईं और एक-एक वार्ड की बारीकी से तलाशी लेनी शुरू कर दी। अचानक हुई इस दस्तक से जेल कर्मियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लगभग तीन घंटे तक चली इस कवायद के बीच करीब साढ़े छह बजे स्वयं डीएम और एसपी भी मंडल कारा पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लगभग 20 मिनट तक जेल के भीतर रहने के बाद दोनों शीर्ष अधिकारी वहां से रवाना हो गए।

WhatsApp Image 2026 04 18 at 5.47.00 AM 1

इस छापेमारी के बाद जब मीडिया ने बरामदगी को लेकर अधिकारियों से सवाल किए, तो उन्होंने फिलहाल कुछ भी बोलने से परहेज किया और सीधे अपनी गाड़ी में बैठकर निकल गए। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब 100 से अधिक पुलिस जवानों की मौजूदगी में चली इस सघन तलाशी के दौरान जेल के भीतर से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है। वर्तमान में इस मंडल कारा में सवा नौ सौ के करीब बंदी बंद हैं, जिनकी सुरक्षा और जेल के भीतर की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के उद्देश्य से यह ऑपरेशन चलाया गया था।

छापेमारी अभियान की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें एडीएम, सदर एसडीओ, अपर पुलिस अधीक्षक समेत साइबर, लॉ एंड ऑर्डर, हेडक्वार्टर और सुरक्षा डीएसपी जैसे कई वरीय अधिकारी शामिल थे। साथ ही दीपनगर, बिहार, लहेरी और नालंदा समेत कई थानों की पुलिस और पुलिस लाइन के जवानों को भी इसमें तैनात किया गया था।

KLOSIA Womens Rayon Printed Anarkali Kurta and Pant with Dupatta Set 1

अधिकारी और जवान चार बड़ी बसों और एक दर्जन से अधिक छोटी गाड़ियों के काफिले के साथ जेल पहुंचे थे। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई को राज्य में कानून-व्यवस्था की सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *