नालंदा सहोदय क्लस्टर का करियर काउंसलिंग कार्यक्रम संपन्न, 20 स्कूलों के 2 हजार विद्यार्थियों को विशेषज्ञों ने दिया सफलता का मंत्र

0
Screenshot_20260718_193915_Gallery

बिहारशरीफ। नालंदा सहोदय क्लस्टर के तत्वावधान में शनिवार को सेंट जोसेफ अकादमी, खंडक पर में “करियर काउंसलिंग कार्यक्रम-2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के लगभग 20 सीबीएसई विद्यालयों के करीब 2,000 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी शिक्षा, रोजगार और बदलते समय के करियर विकल्पों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, गणेश वंदना एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। नालंदा सहोदय क्लस्टर के अध्यक्ष अरविंद प्रसाद सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को सही समय पर उचित करियर मार्गदर्शन मिलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने तथा सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए गोल इंस्टीट्यूट के निदेशक बिपिन कुमार सिंह ने कहा कि कक्षा 6 से 10 तक का समय विद्यार्थियों के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है। इसी उम्र में यदि बच्चों को सही दिशा, लक्ष्य और सकारात्मक प्रेरणा मिल जाए तो वे पूरे आत्मविश्वास और जुनून के साथ अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि करियर काउंसलिंग केवल करियर चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का प्रभावी मंच है।

1001609929

उन्होंने नालंदा सहोदय क्लस्टर से जुड़े विद्यालय संचालकों, निदेशकों, प्राचार्यों एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके वर्षों के अनुभव और समर्पण का लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है। जब अनुभवी शिक्षकों और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन एक मंच पर उपलब्ध होता है, तो विद्यार्थियों के लिए सही करियर का चयन करना आसान हो जाता है। उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया।

इस अवसर पर अरविंद प्रसाद सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 20 विद्यालयों के 2,000 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी नई तकनीकों और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में उन्हें समय के अनुरूप सही मार्गदर्शन, कौशल विकास और विशेषज्ञों का अनुभव उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, कॉमर्स, कृषि, तकनीकी शिक्षा, उद्योग, मीडिया सहित अनेक क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, व्यक्तित्व विकास और बदलते रोजगार बाजार के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने करियर से जुड़े अपने सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया।

कार्यक्रम में सीबीएसई पटना के क्षेत्रीय अधिकारी गोपाल लाल यादव, सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) पटना के प्रमुख राजीव कुमार शर्मा, सेंट जोसेफ अकादमी के प्राचार्य जोसेफ टी.टी., एफडीडीआई बिहटा के निदेशक नीरज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. नितेश कुमार, कर्नल (सेवानिवृत्त) आर.एस. नेहरा, गोल इंस्टीट्यूट के निदेशक बिपिन कुमार सिंह, राजकुमार पोद्दार, सीआईपीईटी/आईपीटी बिहटा के अमित कुमार, राणा रणजीत सिंह, शशिकांत गुप्ता, एलन इंस्टीट्यूट पटना के केमिस्ट्री विशेषज्ञ प्रकाश तिवारी, दैनिक जागरण, नालंदा के ब्यूरो चीफ रजनीकांत सिन्हा तथा एलन इंस्टीट्यूट पटना के फिजिक्स विशेषज्ञ रूपेश कुमार सहित कई विशेषज्ञ उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *