घरेलू कलह ने उजाड़ा पूरा परिवार: ससुर और बहू ने फांसी लगाकर दी जान, बेटे की हालत गंभीर

0
IMG-20260719-WA0007

नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार

नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव में घरेलू कलह ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। एक ही घर में हुए इस दर्दनाक घटनाक्रम में 62 वर्षीय विलेंदर ताती और उनकी 30 वर्षीय बहू गौरी देवी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं परिवार के सदस्य रणजीत कुमार ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की वजह घरेलू कलह बताई जा रही है। परिवार के एक अन्य सदस्य ने भी खुद पर हमला किए जाने का दावा किया है, लेकिन उसे केवल मामूली चोटें आई हैं। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे बिशुनपुर गांव में शोक और मातम का माहौल है। एक ही परिवार में हुई दो मौतों से ग्रामीण स्तब्ध हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक के स्वस्थ होने की सभी लोग कामना कर रहे हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *