नालंदा पुलिस ने किया मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार हथियार तस्कर गिरफ्तार

0
WhatsApp Image 2026-06-29 at 3.59.52 AM

गुप्त सूचना पर परवलपुर पुलिस की कार्रवाई, बड़ी मात्रा में अर्द्धनिर्मित देशी कट्टे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद

बिहारशरीफ, संवाददाता। नालंदा पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए परवलपुर थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में अर्द्धनिर्मित देशी कट्टे, हथियार बनाने के उपकरण एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनका पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

पुलिस के अनुसार परवलपुर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार को कई दिनों से गुप्त सूचना मिल रही थी कि थाना क्षेत्र के मौआ गांव एवं कटहरी बीघा के बीच स्थित खंधा में अवैध रूप से देशी कट्टों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर लगातार आसूचना संकलन एवं सत्यापन किया गया। सूचना सही पाए जाने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन कर दिया।

पुलिस ने इस कार्रवाई में शिशुपाल मिस्त्री (54 वर्ष), पप्पू कुमार (26 वर्ष), सुधीर विश्वकर्मा (44 वर्ष) तथा राजदेव यादव (58 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपित नालंदा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार सभी गिरफ्तार आरोपितों का पूर्व से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक अर्द्धनिर्मित देशी कट्टा, नौ अर्द्धनिर्मित पिस्तौल बॉडी एवं बट, नौ अर्द्धनिर्मित बैरल, नौ फायरिंग स्ट्राइकर एवं ट्रिगर, ट्रिगर का निचला हिस्सा (घोड़ी), नौ बैरल लॉक पिन (सिटकिल्ली), बॉडी निर्माण के लिए लोहे के दो फार्मे, लोहे की ड्रिलिंग करने वाला हैंडल, एक ग्लैमर मोटरसाइकिल तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए।

इस संबंध में परवलपुर थाना कांड संख्या-109/26, दिनांक 28 जून 2026 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा इस अवैध हथियार निर्माण गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।

इस कार्रवाई का नेतृत्व परवलपुर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने किया। छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विपिन पाल तथा परवलपुर थाना के सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

नालंदा पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध हथियार निर्माण, तस्करी और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *