शराबबंदी और नशा मुक्ति को लेकर निकली जागरूकता रैली, लोगों को दिलाई नशामुक्त समाज बनाने की शपथ
बिहारशरीफ, संवाददाता। मद्य निषेध विभाग, नालंदा एवं भारत स्काउट और गाइड, नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जिले में शराबबंदी एवं नशा मुक्ति के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से भव्य प्रभात फेरी एवं जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
प्रभात फेरी का शुभारंभ सुबह 7 बजे किया गया। रैली में मद्य निषेध विभाग के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “शराब से दूरी, परिवार में खुशहाली” तथा “नशा मुक्त बिहार, स्वस्थ बिहार” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
मद्य निषेध अधीक्षक लाला अजय कुमार सुमन ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है, जो धीरे-धीरे परिवार और समाज दोनों को खोखला कर देता है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन अपनाने की अपील की।
मद्य निषेध विभाग के निरीक्षक नीतीश कुमार ने कहा कि युवाओं का दायित्व है कि वे नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करें, ताकि परिवारों और समाज का कल्याण सुनिश्चित हो सके।
रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान लोगों को बिहार सरकार की शराबबंदी नीति तथा नशामुक्त समाज के महत्व की जानकारी दी गई। भारत स्काउट और गाइड, नालंदा के कोषाध्यक्ष महेश कुमार ने लोगों से शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
मद्य निषेध विभाग के निरीक्षक मुन्ना कुमार एवं पुष्पा कुमारी ने सभी नागरिकों से बिहार सरकार के मद्य निषेध अभियान को सफल बनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मद्य निषेध विभाग की ओर से अनिल कुमार शाह, मनोज कुमार, सुभाष कुमार और जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे। वहीं भारत स्काउट और गाइड की ओर से राजीव नंदन कुमार, समीर कुमार, शशि पाल कुमार, रामाधीन प्रसाद, दीपक कुमार, कुंदन कुमार, अमन कुमार, बादल, गाइड कैप्टन प्रीति सुमन, स्काउट-गाइड धनंजय कुमार, अंकित कुमार, सूरज कुमार, सोनी कुमारी एवं निशु कुमारी सहित बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड के सदस्य एवं स्वयंसेवक शामिल हुए।
