बिहारशरीफ की बाढ़ एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने विधानसभा में प्रमुखता से उठाया
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने सदन का ध्यान बिहारशरीफ शहर की वर्षों पुरानी बाढ़ एवं जलजमाव की गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराया।
डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि बिहारशरीफ शहर के मध्य से होकर बहने वाली पंचाने नदी में वर्षों से जमी गाद के कारण बरसात के समय नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है, जिससे शहर के कई मोहल्लों में बाढ़ एवं जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है और आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से देवीसराय से सोहसराय होते हुए रहुई तक पंचाने नदी की व्यापक गाद सफाई कराने की मांग की, ताकि शहरवासियों को स्थायी राहत मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने कोसुक में निर्माणाधीन रिवर फ्रंट परियोजना का विस्तार बिहारशरीफ से सोहसराय होते हुए बबूरबन्ना मोहल्ला तक किए जाने की मांग भी सदन में प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल नदी का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण होगा, बल्कि शहर के समग्र विकास, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक सुविधाओं को भी नई गति मिलेगी।
इस विषय की गंभीरता को देखते हुए माननीय उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन विभाग की ओर से मामले को नगर विकास एवं आवास विभाग को स्थानांतरित करने की सहमति दी गई। इस पर माननीय नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री ने सदन में आश्वस्त किया कि रिवर फ्रंट परियोजना के विस्तार के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) शीघ्र तैयार कराया जाएगा, ताकि परियोजना का विस्तार समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ सके।
सदन में चर्चा के दौरान माननीय उपमुख्यमंत्री, बिहार सरकार ने यह भी आश्वासन दिया कि पंचाने नदी की गाद की सफाई तथा रिवर फ्रंट परियोजना के विस्तार की दिशा में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर बिहारशरीफ के विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय उपमुख्यमंत्री एवं माननीय नगर विकास मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सदन को धन्यवाद दिया।
डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र का समग्र एवं सतत विकास, आम नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का समाधान तथा जनहित के प्रत्येक मुद्दे को सदन में मजबूती से उठाना उनका संकल्प रहा है और आगे भी यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
