कतरीसराय पुलिस की बड़ी सफलता: 48 घंटे में फर्जी अपहरण व 2.5 लाख की फिरौती कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

0
WhatsApp Image 2026-07-24 at 7.50.33 PM

कतरीसराय – नालंदा जिले की कतरीसराय थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर फर्जी अपहरण एवं फिरौती के एक सनसनीखेज मामले का सफल उद्भेदन कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कथित अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह अपहरण का मामला नहीं, बल्कि साइबर ठगी से जुड़ी एक सुनियोजित साजिश थी।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को अहियाचक गांव निवासी चंदन कुमार ने कतरीसराय थाना में आवेदन देकर बताया कि उसका छोटा भाई शिव कुमार वर्मा सुबह पटना दवा लाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच देर रात करीब 12:45 बजे चंदन कुमार के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को साइबर थाना का कर्मी बताते हुए कहा कि शिव कुमार को पकड़ लिया गया है और उसे छोड़ने के लिए 2.5 लाख रुपये देने होंगे। भाई की सुरक्षा को लेकर चिंतित परिजनों ने बताए गए बैंक खाते में 2.5 लाख रुपये भेज दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कतरीसराय थाना कांड संख्या 354/26, दिनांक 22 जुलाई 2026, धारा 140(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। थानाध्यक्ष ने तत्काल इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजगीर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। अनुसंधान में सामने आया कि प्रथम दृष्टया अपहरण का मामला प्रतीत होने वाली घटना वास्तव में एक सुनियोजित साजिश थी। कथित अपहृत शिव कुमार वर्मा स्वयं साइबर ठगी से जुड़े गिरोह के संपर्क में था और छह प्रतिशत कमीशन के बदले अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने गया था।
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिव कुमार वर्मा को छपरा कचहरी से सकुशल बरामद कर लिया। उसकी निशानदेही पर इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लहेरी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर बस स्टैंड निवासी सुधीर कुमार (36), पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र के जलालपुर निवासी जितेंद्र कुमार (27) तथा खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के भुतौली माल्पा निवासी अनुपम कुमार (41) के रूप में हुई है। अनुपम कुमार वर्तमान में दानापुर के वेस्ट जजेज कॉलोनी क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य संलिप्त अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से जुड़े ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरे अभियान में पुलिस निरीक्षक सुमंत कुमार, थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार कुशवाहा, पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मुकुन्द भारती तथा कतरीसराय थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के त्वरित एवं सफल कार्रवाई की सराहना की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *