‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत 19 खिलाड़ियों को मिला नियुक्ति-पत्र, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी शुभकामनाएं
पटना। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को ऊर्जा ऑडिटोरियम, राजवंशीनगर, पटना में खेल विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ियों आकाश दीप एवं मुकेश कुमार सहित कुल 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में खिलाड़ियों के लिए सुनहरे भविष्य का एक नया अध्याय शुरू हो चुका है। राज्य सरकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देकर यह स्पष्ट संदेश दे रही है कि प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों का हर स्तर पर सम्मान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार किसी खिलाड़ी को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जैसे उच्च पद पर नियुक्ति दी गई है। सरकार का यह निर्णय राज्य के युवाओं को खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नई प्रेरणा और आत्मविश्वास प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक पंचायत में खेल प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए विशेष अभियान चलाएगी। साथ ही विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित कर बिहार के खिलाड़ियों को ओलंपिक, विश्व कप, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और आईपीएल जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार की खेलोन्मुखी नीतियों और खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन से आने वाले वर्षों में बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
