शिक्षक-स्नातक निर्वाचन को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

0
IMG-20261003-WA0062

नालंदा में स्नातक के 37 और शिक्षक निर्वाचन के लिए बनाए गए 20 मतदान केंद्र, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

नालंदा। पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत की संयुक्त अध्यक्षता में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन की तैयारियों, मतदान केंद्रों, आदर्श आचार संहिता तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 26 सितंबर को प्रपत्र-6 के साथ दिए जाने वाले घोषणा-पत्र (एनेक्चर-डी) के संबंध में जारी प्रेस नोट पर चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नालंदा जिले में कुल 37 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 24 मूल मतदान केंद्र और 13 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में 20 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। सभी मतदान केंद्र प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र में अवस्थित हैं।

बैठक में बताया गया कि पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं, मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि नालंदा जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है और सभी राजनीतिक दलों एवं संबंधित लोगों को इसका पूरी तरह पालन करना होगा।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, नालंदा के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें बहुजन समाज पार्टी के उमेश पंडित, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के महेंद्र प्रसाद, इंडियन नेशनल कांग्रेस के राजीव कुमार, जनता दल (यूनाइटेड) के विनय कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के मुशर्रफ आजम, राष्ट्रीय जनता दल के अशोक कुमार हिमांशु तथा राष्ट्रीय लोक समता पार्टी एवं कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के पाल बिहारी लाल शामिल थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *