बिहारशरीफ में सनातन आस्था का बड़ा केंद्र बनेगा मंगला स्थान मंदिर, 2 करोड़ की लागत से होगा भव्य पुनर्निर्माण
बिहारशरीफ। सनातन धर्म विकास ट्रस्ट की ओर से देवी सराय स्थित मंगला स्थान मंदिर के पुनर्निर्माण को लेकर वैष्णवी मैरेज हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भाजपा नालंदा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में मंदिर के विकास एवं पुनर्निर्माण की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।
इस दौरान डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि मंगला स्थान मंदिर की जर्जर स्थिति को देखकर लंबे समय से इसके कायाकल्प की आवश्यकता महसूस हो रही थी। अब मंदिर के पुनर्निर्माण का नक्शा तैयार कर लिया गया है और करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से इसे नया एवं भव्य स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर की मूल धार्मिक पहचान को बरकरार रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मॉडल मंदिर के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि यह निर्माण कार्य जनसहयोग से पूरा किया जाएगा और बिहारशरीफ के श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों का इसमें भरपूर सहयोग मिल रहा है। साथ ही उन्होंने लोगों से सनातन धर्म विकास ट्रस्ट के QR Code के माध्यम से इस पुनीत कार्य में सहयोग करने की अपील की।

डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि मंगला स्थान मंदिर के बाद बिहारशरीफ के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अपने मंत्री कार्यकाल में बड़ी पहाड़ी स्थित हिरण्य पर्वत के विकास के लिए 2 करोड़ 68 लाख रुपये की योजना की अनुशंसा की गई थी, जिसका कार्य वर्तमान में जारी है। वहीं बाबा मणिराम अखाड़ा क्षेत्र को भी लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन एवं धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। हिरण्य पर्वत पर भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगी।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, वार्ड पार्षद गुलमली पासवान, मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल कुमार, महेश कुमार, प्रमोद कुमार, संजीव कुमार, अवधेश कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, नीरज कुमार डब्ल्यू, अमरेश कुमार, अमित शान, महेंद्र प्रसाद, सोनू कुमार हिंदू, शिवम् राज, पूर्व मेयर सुधीर कुमार, धनंजय कुमार, संदीप कुमार, अविनाश कुमार, मणिकांत पासवान, ललन कुमार, धीरज पाठक, संजय मुखिया, जितेंद्र कुमार, राहुल कुमार मेहता, राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
