बिहारशरीफ में जाम और यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर डीएम-एसपी की संयुक्त बैठक, ई-रिक्शा संचालन व अतिक्रमण पर सख्त निर्देश

0
WhatsApp Image 2026-07-03 at 6.03.50 AM

बिहारशरीफ (नालंदा), 2 जुलाई 2026। बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में सड़क जाम, सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए शहर में संभावित अर्बन फ्लडिंग (Urban Flooding), जलजमाव, यातायात बाधित होने की आशंका तथा लगातार बढ़ती सड़क जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में शहर में ई-रिक्शा के अनियंत्रित परिचालन को जाम का प्रमुख कारण माना गया। जिलाधिकारी ने ई-रिक्शा का संचालन निर्धारित रूट के अनुसार कराने, रूट का चिन्हांकन करने तथा प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सड़क जाम से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों रामचंद्रपुर, मछली मंडी, मामू-भगिना मोड़, अंबेर चौक, हॉस्पिटल मोड़ एवं भैंसासुर मोड़ को संवेदनशील हॉटस्पॉट घोषित करते हुए इन स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाकर सड़क की पूरी चौड़ाई यातायात के लिए उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जाम प्रभावित स्थलों पर दो शिफ्टों में होमगार्ड जवानों एवं पुलिस कांस्टेबलों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि इन स्थानों पर नियमित निगरानी रखकर यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखें।

बैठक में भागनबीघा–नूरसराय–चंडी मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा भैंसासुर से समाहरणालय तथा एतवारी बाजार क्षेत्र में संचालित अस्पतालों एवं निजी क्लीनिकों के चिकित्सकों के साथ बैठक कर मरीजों के वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्य सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग जाम का बड़ा कारण बन रही है, इसलिए वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए।

बैठक में खंदकपर रेलवे क्रॉसिंग के समीप यातायात को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए डिवाइडर निर्माण कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि वाहनों का आवागमन नियंत्रित और सुरक्षित ढंग से हो सके।

बैठक में नगर निगम, पुलिस प्रशासन, यातायात शाखा तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समन्वित कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *