झपकी बनी हादसे की वजह, नालंदा में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर
दोनों चालक घायल, एक ट्रक दूसरे के ऊपर चढ़ा; घंटों जाम के बाद यातायात बहाल
बिहारशरीफ/नूरसराय, संवाददाता। नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहारशरीफ-दनियावां मुख्य मार्ग पर गुरुवार तड़के दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक दूसरे ट्रक के ऊपर चढ़ गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक तिलैया से फतुहा की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक बिहारशरीफ की ओर से आ रहा था। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों घायल चालकों को क्षतिग्रस्त ट्रकों से बाहर निकालकर तत्काल नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना के कारण बिहारशरीफ-दनियावां मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
नूरसराय थाना के एएसआई शंभू कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। वहीं, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है।
