हरनौत रेलवे स्टेशन परिसर से बाइक चोरी, मौसा-मौसी को लेने पहुंचे युवक की बाइक हुई गायब
हरनौत (नालंदा)। बख्तियारपुर–राजगीर रेलखंड स्थित हरनौत रेलवे स्टेशन परिसर से शनिवार सुबह एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने काफी देर तक बाइक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, बिंद थाना क्षेत्र के कथराही-सुरतपुर गांव निवासी मोहित जमादार शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे अपनी हीरो कंपनी की मोटरसाइकिल (नंबर- BR21AD9074) हरनौत रेलवे स्टेशन परिसर में खड़ी कर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर अपने मौसा-मौसी को रिसीव करने चले गए। उनके मौसा-मौसी नई दिल्ली से राजगीर आने वाली श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से हरनौत स्टेशन पहुंचे थे।
मोहित जमादार ने बताया कि जब वह अपने मौसा-मौसी को लेकर वापस स्टेशन परिसर में पहुंचे तो वहां उनकी बाइक गायब थी। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित ने बताया कि उनके साढ़ू का निधन हरनौत प्रखंड के पतासिया गांव में हो गया था। इसी कारण उनके मौसा-मौसी दिल्ली से अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे और उन्हें लेने वह स्टेशन पहुंचे थे।
घटना के बाद पीड़ित हरनौत थाना में आवेदन देने पहुंचे। वहां पुलिस ने बताया कि चूंकि घटना रेलवे स्टेशन परिसर की है, इसलिए इस मामले में जीआरपी थाना, बिहारशरीफ में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
फिलहाल बाइक चोरी की घटना से पीड़ित परिवार परेशान है और पुलिस से जल्द वाहन बरामद करने की मांग की है।
