रेलवे कारखाना से डीजल चोरी, आरपीएफ ने सरकारी रेलवे कर्मचारी सहित 4 को रंगे हाथ पकड़ा
रेलवे कारखाना हरनौत के पावर कार से डीजल चोरी का खुलासा,240 लीटर तेल के साथ आरपीएफ ने 4 को किया गिरफ्तार
हरनौत बाजार में स्थित सवारी डिब्बा मरम्मत कारखाना में आरपीएफ की टीम ने डीजल चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक सरकारी रेलकर्मी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 240 लीटर चोरी का डीजल जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 24 हजार रुपये है।
इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट हरनौत के निरीक्षक प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि शनिवार संध्या करीब 16:30 बजे गुप्त सूचना मिली कि कुछ प्राइवेट लेबर हरनौत वर्कशॉप के अंदर रेलवे इंजन से डीजल निकालकर अपने गोदाम में छुपा रहे हैं। सूचना पर उनके नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक परवेज खान, आरक्षी राकेश कुमार एवं मनोहर लाल यादव की टीम गठित कर छापेमारी की गई।
टीम ने वर्कशॉप के अंदर शीट मेटल शॉप के दक्षिण स्थित अग्रवाल इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में छापा मारा। वहां दो व्यक्ति छोटे-छोटे गैलन से बड़े ड्रम में डीजल डालते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी नरेश रज्जक के पुत्र संजीव कुमार (34) और हरनौत थाना क्षेत्र के चेरण निवासी महेश्वर यादव के पुत्र राहुल कुमार (20) के रूप में हुई। दोनों उक्त कंपनी के लेबर हैं।पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि यह तेल रेलवे के पावर कार से चुराया गया है, जिसे वर्कशॉप में चलने वाले हाइड्रा व अन्य वाहनों में इस्तेमाल किया जाता है। कड़ाई से पूछने पर बताया कि पेंट शॉप में कार्यरत रेलवे कर्मचारी अमन कुमार डीजल निकालकर छुपा देता है, जिसे सुपरवाइजर राजेश कुमार के कहने पर वे गोदाम में लाते हैं। इसके बदले सुपरवाइजर रेलकर्मी को पैसे देता है। यह धंधा कई महीनों से चल रहा था।उनकी निशानदेही पर सरकारी रेलवे कर्मचारी परवलपुर थाना क्षेत्र के मिनी गांव निवासी अखिलेश प्रसाद के पुत्र अमन कुमार (40) और सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूर नगर निवासी कुंज बिहारी प्रसाद के पुत्र राजेश कुमार (50) को गिरफ्तार किया गया। मौके से 07 गैलन व एक ड्रम में 240 लीटर डीजल जब्त हुआ। चारों के विरुद्ध आरपीएफ पोस्ट हरनौत में मामला दर्ज कर न्यायालय भेजा गया है। जांच उप निरीक्षक मुसाफिर राम को सौंपी गई है।
