दुर्गा पूजा पंडालों का एसडीओ और एसडीपीओ ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
बिहारशरीफ। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिहारशरीफ-1 ने संयुक्त रूप से दुर्गा पूजा 2026 के मद्देनजर शहरी क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान भैंसासुर, पुलपर, सालुगंज, मोहद्दीनगर, बड़ी पहाड़ी, गढ़पर, सोहसराय एवं खासगंज में तैयार किए जा रहे पूजा पंडालों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने संबंधित पूजा समितियों के संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीड़ के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने पूजा पंडालों में विद्युत सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही, पूजा समिति के संचालकों को पंडाल परिसर में पर्याप्त संख्या में सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, बिहारशरीफ, अंचल अधिकारी, बिहारशरीफ, संबंधित थानों के थानाध्यक्ष, अग्निशमन पदाधिकारी एवं विद्युत अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
