हिलसा अनुमंडल कार्यालय में 22 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रधान सहायक व निजी मुंशी गिरफ्तार

0
WhatsApp Image 2026-07-01 at 9.03.20 PM

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, रंगे हाथों पकड़कर दोनों आरोपियों को पटना ले गई टीम

बिहारशरीफ/हिलसा, संवाददाता। नालंदा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हिलसा अनुमंडल कार्यालय की विधि शाखा के प्रधान सहायक नीलम चौधरी और उनके निजी मुंशी सुनील कुमार को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद अनुमंडल कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, हिलसा अनुमंडल कार्यालय में लंबे समय से रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच दिलीप नारायण सिंह नामक व्यक्ति ने 19 जून 2026 को निगरानी थाना, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके वाद संख्या 433 M/2022 से संबंधित एक सिविल विवाद का मामला हिलसा अनुमंडल कार्यालय में लंबित है। आरोप था कि मामले में अनुकूल निर्णय कराने के नाम पर विधि शाखा के प्रधान सहायक नीलम चौधरी ने रिश्वत की मांग की थी और राशि अपने निजी मुंशी सुनील कुमार के माध्यम से लेने को कहा था।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना कांड संख्या 78/26 दर्ज किया गया। इसके बाद विजिलेंस की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से धावा दल का गठन कर बुधवार को अनुमंडल कार्यालय में जाल बिछाया।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत परिवादी ने प्रधान सहायक के निर्देश पर उनके निजी मुंशी सुनील कुमार को 22 हजार रुपये दिए। जैसे ही राशि का लेन-देन हुआ, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि इस राशि में 20 हजार रुपये प्रधान सहायक तथा 2 हजार रुपये निजी मुंशी के हिस्से के थे।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसंधानकर्ता डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी की गई थी, जिसमें प्रधान सहायक द्वारा रिश्वत लेने के निर्देश दिए जाने का स्पष्ट प्रमाण मिला। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में निगरानी विभाग के कई निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी भी शामिल थे।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए पटना ले गई। उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद हिलसा अनुमंडल कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल है। सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की इस कार्रवाई की जिलेभर में व्यापक चर्चा हो रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *