हनुमानगढ़ी खंधा के पास युवक का संदिग्ध हालत में शव बरामद, करंट लगने से मौत की आशंका

0
WhatsApp Image 2026-07-01 at 5.58.01 AM

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा मौत के कारण का खुलासा, पुलिस जांच में जुटी

इसलामपुर (नालंदा), संवाददाता। इसलामपुर थाना क्षेत्र के पचलोवा पंचायत अंतर्गत दहौर बिगहा गांव के समीप हनुमानगढ़ी खंधा में मंगलवार की सुबह एक 35 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही इसलामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक की पहचान दहौर बिगहा गांव निवासी नगीना दास के पुत्र कांग्रेस कुमार (35 वर्ष) के रूप में की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही हिलसा-2 के डीएसपी कुमार ऋषिराज, इसलामपुर थानाध्यक्ष रणविजय कुमार तथा पुलिस पदाधिकारी रामानुज सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू की।

डीएसपी कुमार ऋषिराज ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि दहौर बिगहा गांव स्थित हनुमानगढ़ी खंधा में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बोरिंग के पास कांग्रेस कुमार का शव बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। वहीं, पचलोवा पंचायत के मुखिया पवन कुशवाहा उर्फ आशुतोष मुखिया ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया तथा कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत अंतिम संस्कार के लिए ₹3,000 की नकद सहायता राशि प्रदान की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *