तीन मंजिला मकान की छत से गिरकर युवक की मौत, प्रेमिका और परिजनों पर हत्या का आरोप
इसलामपुर। इसलामपुर थाना क्षेत्र के गौरव नगर मोहल्ले में सोमवार को तीन मंजिला मकान की छत से नीचे गिरने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के कटौली गांव निवासी किशोरी प्रसाद के पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक की मां ने प्रेमिका और उसके परिजनों पर युवक को छत से नीचे फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, युवती के परिजनों का कहना है कि युवक को घरवालों ने देख लिया था और भागने के दौरान वह छत से गिर गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे गौरव नगर मोहल्ले में अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकले तो एक युवक खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मृतक की मां सुषमा देवी ने आरोप लगाया कि गौरव नगर में किराये पर रहने वाली एक युवती से रजनीश का प्रेम संबंध था। युवती ने फोन कर रजनीश को मिलने के लिए बुलाया था। वह अपने साथ मछली लेकर युवती से मिलने पहुंचा था। आरोप है कि युवती ने साजिश के तहत कुछ युवकों को बुलाया, रजनीश के साथ मारपीट की और बाद में उसे छत से नीचे फेंक दिया।
वहीं, युवती के परिवार की ओर से बताया गया कि रजनीश युवती से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। पकड़े जाने के डर से वह भागने लगा और इसी दौरान छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक के छत से नीचे गिरने की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर हिलसा डीएसपी-2 रामदुलार प्रसाद और इसलामपुर थानाध्यक्ष रणविजय कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने युवती और उसके माता-पिता को थाना लाकर पूछताछ की है।
थानाध्यक्ष रणविजय कुमार ने बताया कि मृतक के परिजन युवती और उसके परिवार पर छत से नीचे फेंककर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। युवती और उसके माता-पिता से पूछताछ की जा रही है। लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।
