रहुई में श्रद्धालुओं के जत्थे पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, एक युवक घायल

0
WhatsApp Image 2026-09-28 at 10.28.58 PM

बाइक सवार बदमाशों ने भंडारी मोड़ के पास दिया घटना को अंजाम, स्कॉर्पियो में लगी दो गोलियां; एक युवक हिरासत में

रहुई थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। भंडारी मोड़ के पास बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने संत महोत्सव में शामिल होने और पूजा-अर्चना के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे पर अचानक ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस घटना में प्रेम गोप नामक युवक घायल हो गया। वहीं, श्रद्धालुओं के साथ चल रही स्कॉर्पियो पर भी दो गोलियां लगीं, जिससे वाहन का शीशा और पिछला गेट क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि करीब 50 से 60 श्रद्धालुओं का जत्था संत महोत्सव के मौके पर संत बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान भंडारी मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान प्रेम गोप को गोली लगने से वह घायल हो गया। घटना में स्कॉर्पियो को भी नुकसान पहुंचा है।

WhatsApp Image 2026 09 28 at 10.28.59 PM

गोलीबारी की सूचना मिलते ही रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि घटना के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति को नामजद किया गया है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने जब्त कर थाने ले आई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि घायल प्रेम गोप एक दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। ऐसे में पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गोलीबारी के वास्तविक कारण और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *