एमडीएम भोजन को लेकर परासी मिडिल स्कूल में दूसरे दिन भी हंगामा, कार्रवाई की मांग पर अड़े अभिभावक

0
WhatsApp Image 2026-08-20 at 6.29.13 AM

नूरसराय। नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड स्थित परासी मध्य विद्यालय में एमडीएम भोजन को लेकर बुधवार को लगातार दूसरे दिन ग्रामीणों और अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया। मंगलवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद 34 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। सभी बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था।

घटना के बाद बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चों के अभिभावक विद्यालय पहुंचे और दोषी शिक्षकों एवं रसोईया के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने विद्यालय के एक शिक्षक पर छात्रों के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।

हंगामे की सूचना मिलते ही नूरसराय पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित महिलाओं एवं ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सेहत के साथ लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

बताया जाता है कि विद्यालय में एकता फाउंडेशन के माध्यम से मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाता है। बुधवार को अभिभावकों ने विद्यालय में पहुंचाए गए एमडीएम भोजन को वापस लौटा दिया और भोजन लेने से इनकार कर दिया।

वहीं, एकता फाउंडेशन के कर्मी का कहना है कि मंगलवार को प्रखंड के अन्य विद्यालयों में भी इसी संस्था के माध्यम से भोजन पहुंचाया गया था और वहां किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आई। कर्मी के अनुसार, परासी मध्य विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन की ओर से नमक की जगह सर्फ मिला हुआ नमक अलग से बच्चों को दिए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

फिलहाल ग्रामीणों के विरोध और आरोपों के बीच मामले की जांच तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई को लेकर स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और दोषियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *