26 जून को मुहर्रम, नालंदा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था: फ्लैग मार्च से लेकर ड्रोन सर्विलांस तक तैयारी पूरी
मुहर्रम से पहले डीएम-एसपी ने जारी किए सख्त निर्देश, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
मुहर्रम को लेकर जिला स्तरीय ब्रीफिंग, ड्रोन से होगी निगरानी, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
बिहारशरीफ, संवाददाता। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी ने संयुक्त रूप से की। इसमें जिले के सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि नालंदा जिले में 26 जून 2026 को मुहर्रम पर्व मनाया जाएगा। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने तथा अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि मुहर्रम के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ताजिया जुलूस एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे देखते हुए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना, अफवाह अथवा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।
मुहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी करने का निर्णय लिया गया है। ड्रोन के माध्यम से जुलूस मार्ग, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को नियमित रूप से फ्लैग मार्च आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया, जिससे आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रहे।
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्ती, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने, भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया देने को कहा।
बैठक में पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को भी पूरी सतर्कता और तत्परता बनाए रखने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा पुलिस को दें।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता जताई है।
