एक माह से बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की संपत्ति चोरी, जेवरात और नकदी ले गए चोर

0
WhatsApp Image 2026-09-30 at 4.26.10 AM (1)

सरमेरा के गोपालबाद गांव में वारदात, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सरमेरा, नालंदा। सरमेरा थाना क्षेत्र के गोपालबाद गांव में चोरों ने करीब एक माह से बंद मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, कीमती कपड़े, पीतल-तांबे के बर्तन समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था।

पीड़ित आरएमपी कुंदन किशोर सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ पटना में रहकर दवा का व्यवसाय करते हैं। गांव स्थित उनका पैतृक मकान करीब एक महीने से बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। आसपास के कई घरों में भी नियमित रूप से लोगों की मौजूदगी नहीं रहने के कारण चोरों को चोरी करने में आसानी हुई।

ग्रामीणों ने जब मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा तो इसकी सूचना फोन के माध्यम से गृहस्वामी को दी। जानकारी मिलने के बाद कुंदन किशोर सिंह पटना से गोपालबाद पहुंचे। घर के अंदर पहुंचने पर कमरों और अलमारियों के ताले टूटे मिले, जबकि सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार, अलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, कीमती कपड़े, पीतल-तांबे के बर्तन समेत अन्य सामान चोरी हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सरमेरा थानाध्यक्ष साकेन्द्र कुमार बिन्द ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मकान काफी दिनों से बंद था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की घटना किस दिन हुई।

पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *