नालंदा में बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, नकद और जेवरात लेकर फरार हुए चोर
बिहारशरीफ। नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के नौसरा गांव में चोरों ने बंद पड़े एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बेगूसराय में पदस्थापित डिप्टी डायरेक्टर अमरजीत कुमार के बंद पड़े घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने घर में रखे गोदरेज और ट्रंक के ताले तोड़कर करीब 3 लाख रुपये नकद तथा लगभग 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोर आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
