मुजफ्फरपुर को ₹1,260 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात, सिकंदरपुर लेक फ्रंट का लोकार्पण
मुजफ्फरपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर में नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिले को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने ₹1,047.09 करोड़ की लागत से 982 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इसके साथ ही ₹213.25 करोड़ की लागत से विकसित सिकंदरपुर लेक फ्रंट का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक फव्वारों, आकर्षक लाइटिंग और सुंदर कलाकृतियों से सुसज्जित सिकंदरपुर लेक फ्रंट मुजफ्फरपुर की नई पहचान बनेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा तिरहुत टाउनशिप विकसित करने की भी घोषणा की गई, जिससे क्षेत्र में नियोजित शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। वहीं पटना–मुजफ्फरपुर रैपिड रेल कॉरिडोर के निर्माण के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 40 मिनट रह जाएगा। उन्होंने कहा कि हल्दिया–रक्सौल हाईवे के निर्माण से मुजफ्फरपुर की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा पूर्वी भारत के साथ व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी।
सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीतामढ़ी में माता सीता के भव्य मंदिर का निर्माण बिहार की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर बिहार की अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।
