तेलमर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान, छात्रों को साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी
आपको बताते चले कि बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश तथा नालंदा पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मंगलवार की सुबह 11:00 से “साइबर मंगलवार” के तहत तेलमर थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
अभियान के तहत पुलिस पदाधिकारी उच्च विद्यालय सौराडीह, उच्च विद्यालय तेलमर, उच्च विद्यालय पाकड़, मध्य विद्यालय तेलमर, मध्य विद्यालय सौराडीह, मध्य विद्यालय पाकड़ एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय ललुआडीह पहुंचे। वहां विद्यालय के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी तरह हरनौत बाजार के गोनावा रोड में स्थित आरपीएस कॉलेज परिसर के स्वागत भवन में सदर डीएसपी 2 संजय कुमार जायसवाल के द्वारा साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर विभिन्न प्रकार के उपाय बताएंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन लोन फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, साइबर ठगी, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने, यूपीआई पिन, ओटीपी एवं बैंक पासवर्ड की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाता विवरण या यूपीआई पिन साझा नहीं करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से कहा कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का प्रयास होता है तो घबराने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों को जानकारी दें तथा पुलिस और साइबर हेल्पलाइन पर इसकी सूचना दें। जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
तेलमर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि “साइबर मंगलवार” अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रह सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
