साइबर अपराध से बचाव को लेकर आरपीएस कॉलेज में जागरूकता अभियान, सतर्क रहने का दिया संदेश

0
IMG-20260722-WA0001

हरनौत – नालंदा पुलिस एवं आरपीएस कॉलेज प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को आरपीएस कॉलेज के सभागार में साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत के साथ हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2) संजय कुमार जायसवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज साइबर अपराधी आम लोगों के साथ-साथ बड़े-बड़े शिक्षित और जागरूक लोगों को भी अपना शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, लिंक या लालच भरे ऑफर पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने छात्रों को “स्टॉप, वेरिफाई एंड प्रोसीड (SVP)” का संदेश देते हुए कहा कि पहले रुकें, फिर जानकारी की सत्यता की जांच करें और उसके बाद ही कोई कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति आपको जानता तक नहीं है और अचानक किसी इनाम, लॉटरी या लाभ का प्रलोभन दे रहा है, उसके पीछे धोखाधड़ी की आशंका हो सकती है। ऐसे मामलों में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उपेंद्र कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों से डिजिटल दुनिया में सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि अपनी व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें।
हरनौत थाना के एसआई प्रमोद कुमार ने भी साइबर अपराध के बढ़ते मामलों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम थाना या साइबर पुलिस से संपर्क करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम में छात्रों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम का संचालन रवि कुमार के द्वारा किया गया। अंत में कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से किया। अंत में कॉलेज प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। इस मौके पर आरपीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाध्यापक डॉ अनुज कुमार सिंहा, समाजशास्त्र के व्याख्याता डॉ धनंजय कुमार, निरंजन, पंकज, कुंदन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *