खुदरा रुपये नहीं देने पर दुकानदार को मारी गोली, हालत नाजुक

0
WhatsApp Image 2026-06-27 at 6.01.12 AM

मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी

बिहारशरीफ, संवाददाता। बिहार थाना क्षेत्र के उपरौरा गांव में शुक्रवार की देर शाम मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खुदरा रुपये नहीं देने पर एक युवक ने किराना दुकानदार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सीने में लगने से दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घायल की पहचान उपरौरा गांव निवासी छोटा पंडित के 40 वर्षीय पुत्र त्रिभुवन पंडित के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, त्रिभुवन अपनी किराना दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान गांव का ही एक युवक दुकान पर पहुंचा और खुदरा रुपये मांगे। दुकान में छुट्टे रुपये उपलब्ध नहीं होने पर त्रिभुवन ने असमर्थता जताई। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने पिस्तौल निकाल ली और फायरिंग शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने लगातार दो राउंड फायरिंग की। पहली गोली त्रिभुवन के पैर के पास से निकल गई, जबकि दूसरी गोली उनके सीने में जा लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो चुका था।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उन्हें पटना ले जाने के बजाय बेहतर इलाज की उम्मीद में बिहारशरीफ के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। विधि-व्यवस्था डीएसपी रामदुलार प्रसाद ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *