टाउन हॉल में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का समापन, मंत्री श्रवण कुमार ने दिलाई नशा मुक्त समाज की शपथ
नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को किया गया जागरूक
बिहारशरीफ, संवाददाता। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार के तत्वावधान में नेशनल एक्शन प्लान फॉर ड्रग डिमांड रिडक्शन (NAPDDR) के अंतर्गत संचालित नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) के तहत 17 जून से 26 जून 2026 तक जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के समापन अवसर पर शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा कोषांग, नालंदा की ओर से बिहारशरीफ स्थित टाउन हॉल में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सांसद कौशलेन्द्र कुमार, बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, विधान पार्षद रीना यादव, जिला पदाधिकारी उदिता सिंह, उप विकास आयुक्त रंजन कुमार चौधरी, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) प्राची रिया सहित कई पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंत्री श्रवण कुमार ने जिले एवं राज्य को नशा मुक्त बनाने का आह्वान करते हुए उपस्थित लोगों को नशा से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है, इसलिए इसके खिलाफ सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों एवं मनोचिकित्सा विशेषज्ञों ने नशे के दुष्प्रभावों, स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों तथा कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी लोगों को नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जीविका दीदियां, आंगनबाड़ी सेविकाएं, छात्र-छात्राएं, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के कर्मी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
