चाय-बिस्कुट की राजनीति’ पर घमासान: भाजपा बोली—संसद को पिकनिक स्पॉट बना रहा विपक्ष

0
IMG-20260316-WA0073

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट,

बिहारशरीफ (नालंदा)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नालंदा के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान संसद भवन के मकर द्वार के बाहर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित करीब 20 विपक्षी सांसदों द्वारा चाय-बिस्कुट के साथ तथाकथित “चाय पार्टी” आयोजित करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है और इसकी गरिमा व मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है। लेकिन इस तरह की गतिविधियों से संसद परिसर को ‘पार्लियामेंट पिकनिक स्पॉट’ बनाने का प्रयास किया गया, जो संसदीय परंपराओं के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि ओम बिरला द्वारा मकर द्वार पर किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन या राजनीतिक गतिविधि पर स्पष्ट रोक लगाई गई है। इसके बावजूद विपक्षी सांसदों ने वहां बैठकर विरोध का प्रदर्शन किया, जो संसदीय नियमों और लोकसभा अध्यक्ष के निर्देशों की खुली अवहेलना है।

राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि इस दौरान देश में रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर भी भ्रामक प्रचार किया गया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के हर नागरिक तक ऊर्जा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए विपक्षी दलों के इस कृत्य को जनता के सामने लाएगी और उनकी राजनीति को उजागर करेगी। साथ ही कांग्रेस सहित विपक्षी दलों से देश की जनता से माफी मांगने की मांग भी की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *