नालंदा में युवक की संदिग्ध मौत, तालाब से मिला शव; हाथ-पैर टूटे मिले, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

0
Screenshot_20260316_060036_Dainik Bhaskar

शंकर कुमार की रिपोर्ट,

इस्लामपुर (नालंदा)। जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणी मलाहविघा मोहल्ले में रविवार को एक युवक का शव तालाब से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहम्मद फैजान (25) के रूप में हुई है, जो शनिवार शाम से लापता था। शव की स्थिति देखकर परिजनों ने बेरहमी से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

मृतक के पिता मोहम्मद शमीम उर्फ फेंकू ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4 बजे मोहम्मद महफूज का बेटा उनके घर आया और फैजान को अपने साथ लेकर चला गया। देर रात तक जब फैजान घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान जानकारी मिली कि फैजान का दोस्त भी लापता है।

रविवार सुबह फैजान का वही दोस्त घायल अवस्था में अपने घर पहुंचा। उसकी निशानदेही पर केवाई रोड के पास स्थित एक तालाब से फैजान का शव बरामद किया गया। हालांकि शव मिलने के बाद वह युवक मौके से फरार हो गया।

परिजनों का आरोप है कि फैजान की बेरहमी से पिटाई की गई है। पिता मोहम्मद शमीम ने बताया कि शव पर गहरे चोट के निशान हैं, पूरा शरीर लाल पड़ा हुआ है और हाथ-पैर भी टूटे हुए हैं, जिससे साफ लगता है कि उसके साथ क्रूरता की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही इस्लामपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋतुराज सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएसपी कुमार ऋतुराज ने बताया कि केवाई रोड के पास एक शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

बताया जाता है कि मोहम्मद फैजान की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। वह पहले चूड़ी बेचने का काम करता था और फिलहाल अपने पिता की फल की दुकान में हाथ बंटाता था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके में दहशत का माहौल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *